- सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में काम करने वाले युवकों को बकाया वेतन मांगना भारी पड़ गया। आरोप है कि होटल मालिक ने कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार, विरेंद्र प्रसाद, जयप्रकाश रतूड़ी, कविंद्र और प्रियांशु, पेंटागन मॉल स्थित स्टेज हाउस होटल में कार्यरत हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि फरवरी 2026 से उनकी तनख्वाह बकाया चल रही थी। शनिवार देर रात करीब 12 बजे जब उन्होंने होटल मालिक अंजीत तिवारी से वेतन की मांग की तो वह शराब के नशे में आ गए और लोहे की रॉड से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि होटल मालिक ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी और कहा कि दोबारा तनख्वाह मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। आरोप है कि इसके बाद होटल मालिक उनके कमरे तक पहुंचा और वहां भी लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई की जिससे उनके शरीर पर चोटें आई। मामले में पुलिस के अलावा श्रमायुक्त से भी शिकायत की गई। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।