दो बच्चों समेत सात हाथियों ने मचाया उत्पात, भंडार कक्ष का दरवाजा-खिड़की तोड़ी
ग्रामीणों ने पटाखे फोड़कर भगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
लालढांग। लालढांग स्थित मां काली मंदिर परिसर में बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे हाथियों का झुंड घुस आने से अफरा-तफरी मच गई। हाथियों ने मंदिर परिसर में जमकर उत्पात मचाया और भंडार कक्ष का दरवाजा व खिड़की तोड़कर सामान को तहस-नहस कर दिया। इस दौरान बिजली की तार भी टूट गई, जिससे मंदिर परिसर में अंधेरा छा गया।
हाथियों के झुंड में दो बच्चों समेत करीब सात हाथी शामिल थे। जिस समय हाथी परिसर में पहुंचे, उस दौरान मंदिर में रहने वाले भवानी बाबा और भगवती माई अपनी कुटिया में मौजूद थे। हाथियों की आहट सुनकर बाबा ने तुरंत कुटिया का दरवाजा बंद कर लिया। हाथी काफी देर तक कुटिया के आसपास घूमते रहे, जिससे बाबा और माई की सांसें अटकी रहीं।
स्थिति को देखते हुए बाबा ने भक्त विमल डबराल और सुनील सैनी को फोन कर हाथियों के मंदिर परिसर में होने की सूचना दी। दोनों भक्त ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और शोर मचाने के साथ पटाखे फोड़कर हाथियों को जंगल की ओर भगाया। सूचना पर कटेबढ़ वन चौकी के सेक्शन अधिकारी गौतम राठौड़ भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हाथियों को भगाने के बाद वनकर्मियों ने क्षेत्र में गश्त की, ताकि झुंड दोबारा मंदिर परिसर में न पहुंच सके।