वैशाखी स्नान पर्व और यात्रा सीजन को देखते हुए यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। बुधवार देर रात 12 बजे से 14 अप्रैल तक यानि बैसाखी स्नान पर्व की रात 12 बजे तक हाईवे पर भारी वाहन नहीं दौड़ सकेंगे। शनिवार-रविवार को भी सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक हाईवे पर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
गर्मी के सीजन ने दस्तक दे दी है और हाईवे पर स्थिति बेहद ही नाजुक है। जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से हाईवे पर जाम लगना आम बात हो गई है। फोरलेन के निर्माण ने भी यातायात की रफ्तार पर असर डाला है। अब वैशाखी स्नान पर्व सिर पर आ खड़ा हुआ है। ऐसे में जाम लगना भी तय है। जाम से निपटने के लिए हरिद्वार पुलिस भी तैयार है। भारी वाहन रोकने की रणनीति बनाई गई है ताकि कम से कम परेशानी उठानी पड़े।
यातायात निरीक्षक हितेश कुमार ने बताया कि वैशाखी स्नान पर्व को देखते हुए 12 अप्रैल रात 12 बजे से 14 अप्रैल की रात बारह बजे तक भारी वाहन शहर की तरफ नहीं आ सकेंगे। स्नान पर्व के संपन्न होने के बाद ही भारी वाहन चलने दिए जाएंगे। बताया कि वीकेंड को लेकर भी कार्ययोजना बनाई गई है। अब वीकेंड पर सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक भारी वाहन हाईवे पर नहीं आ जा सकेंगे। ये व्यवस्था यात्रा एवं गर्मी के सीजन को देखते हुए की गई है।