हरिद्वार। गंगा दशहरा पर उमड़ी भारी भीड़ के आगे व्यवस्थाएं भी धड़ाम हो गई। हाईवे से लेकर शहर के अंदर तक जाम लग गया। घंटों तक एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। भीषण गर्मी के बीच हाईवे पर फंसे वाहन सवार बेहाल हो गए। शहर के अंदर भी गलियों तक वाहन पहुंच गए, जिससे स्थानीय लोग भी परेशान हो गए। मोटरसाइकिल से 15 मिनट का सफर तय करने में दो घंटे लग गए। गंगा दहशरा पर कुंभ जैसी भीड़ दिखाई दी।
रविवार को वीकेंड और गंगा दशहरा का स्नान पर्व एक साथ होने से उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ सहित तमाम राज्यों से लाखों लोग हरिद्वार पहुंच गए। सुबह चार बजे से ही हरिद्वार में जाम लगना शुरू हो गया। देहरादून-दिल्ली हाईवे पर बहादराबाद टोल प्लाजा से लेकर नेपाली फार्म तक वाहनों की कतारे लगी रही, जिससे वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ते रहे। ऐसे में भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से वाहनों के अंदर चल रहे एसी भी ठप हो गए और लोग बिलबिला उठे।
जटवाड़ा पुल चौक, सिंहद्वार, प्रेम आश्रम चौक, शंकराचार्य चौक और फिर चंडीघाट चौक से लेकर सप्तऋषि चेक पोस्ट तक जाम लग गया। जरूरी काम से जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस के अलावा थानों-कोतवाली की पुलिस भी जाम को खुलवाते हुए व्यवस्था दुरुस्त करने में लगी रही, लेकिन वाहनों की भीड़ इस कदर थी कि पूरी व्यवस्था चरमरा गई।
-
नहर पटरी से होकर ज्वालापुर घुसे वाहन
- रानीपुर झाल के पास से वाहन नहरी पटरी पर पहुंच गए। यहां से होकर ज्वालापुर में घुस गए, जिससे जटवाड़ा पुल, कोतवाली रोड पर भी जाम लग गया। यही नहीं, सीतापुर और सराय रोड तक भी वाहन पहुंच गए। ऐसे में यहां भी जाम लग गया और स्थानीय लोगों के साथ ही राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
-
सिंहद्वार पर जाम में फंसी रही एंबुलेंस
-सिंहद्वार चौक पर जाम के बीच एक एंबुलेंस भी फंस गई। घंटों एंबुलेंस जाम में फंसी रही। यहां एंबुलेंस को रास्ता देने के बजाय पीछे से ही एक के बाद एक वाहन आकर खड़ा होता रहा, जिससे एंबुलेंस निकलने के बजाय और फंस गई।
-
शहर में बने गंगा घाटों पर भी उमड़ पड़ी भीड़
- हरकी पैड़ी पर भीड़ के कारण पहुंचना जब मुश्किल हो गया तो शहर के बीच बने गंगा घाटों पर ही स्नान करने लगे। जटवाड़ा पुल के पास बने गंगा घाट, सिंहद्वार, गोविंदपुरी, ऋषिकुल से लेकर मायापुर तक बने गंगा घाटों पर भारी भीड़ नजर आई। यहां रुके लोग जहां-तहां वाहन खड़े कर स्नान करने पहुंच गए। इसलिए भी जाम लगता रहा।
-
जहां मिला रास्ता वहीं से घुमा दिया वाहन
- जाम को देखने के बाद वाहन सवार भी भीड़ में फंसने के बजाय दूसरा रास्ता तलाशने में लग गए। अधिकांश वाहन सवार जहां भी रास्ता मिल रहा था, वहीं वाहन घुमा दे रहे थे।
एसएसपी ने अधीनस्थों के साथ हाईवे का लिया जायजा
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने रविवार की दोपहर हाईवे पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इससे पहले वह लगातार सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करते हुए वायरलैस पर निर्देश जारी करते रहे। कप्तान ने डामकोठी से पैदल अलकनंदा घाट तक जायजा लेने के बाद फिर आगे की व्यवस्था को देखा। जाम में फंसे वाहनों को निकलवाया। उनके साथ एसपी यातायात पंकज गैरोला, एसडीएम अजयवीर सिंह, सीओ सिटी जूही मनराल भी व्यवस्था दुरुस्त कराने में जुटे रहे।
गंगा दशहरा के स्नान के साथ ही वीकेंड के चलते अधिक भीड़ आने से यातायात का दबाव बन गया। रूट डायवर्जन करते हुए वाहनों को बैरागी कैंप में भेजा गया। यातायात पुलिस के अलावा सभी थानों की पुलिस-फोर्स व्यवस्था दुरुस्त करने में लगाई गई है।
- प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसएसपी हरिद्वार