पूर्व विधायक की बेटी से रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजी गई अभिनेत्री उर्मिला सनावर की जमानत अर्जी पर 29 अक्तूबर को सुनवाई की जाएगी। मंगलवार को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में उनके अधिवक्ता ने जमानत अर्जी दाखिल की। अदालत ने रानीपुर कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी के विवेचक को संबंधित दस्तावेज और जांच आख्या प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।
उर्मिला सनावर के खिलाफ पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने 24 अक्तूबर को रानीपुर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी मामले में पुलिस ने रविवार को उर्मिला सनावर को सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें हरिद्वार लाया गया।
आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया था। रविवार देर रात अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए थे। इसके बाद से वह रोशनाबाद जेल में बंद हैं।
हरिद्वार: सनावर की गिरफ्तारी पर बोले एसएसपी-नार्को टेस्ट से कोई संबंध नहीं, सेशन ट्रायल के तहत हुई कार्रवाई
मंगलवार को उर्मिला सनावर की ओर से जमानत के लिए अदालत में अर्जी प्रस्तुत की गई। अदालत ने मामले की विवेचना कर रहे अधिकारी को 29 अक्तूबर तक संबंधित प्रपत्र और जांच आख्या पेश करने के आदेश दिए हैं। अब पुलिस की रिपोर्ट और दस्तावेज प्रस्तुत होने के बाद अदालत में जमानत अर्जी पर सुनवाई होगी।