महामहिम राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी अपने उत्तराखंड प्रवास के दौरान हरिद्वार में गंगा तट पर प्रदेश की संस्कृति से रूबरू होंगे। महामहिम 29 सितंबर को हरिद्वार हरकी पैड़ी पर गंगा आरती में भाग लेंगे। इस दौरान पर्यटन विभाग की ओर से राष्ट्रपति और उनके पूरे दल को प्रदेश के धार्मिक, सांस्कृतिक, एडवेंचर और वाइल्ड लाइफ की जानकारियों से जुड़ा साहित्य भेंट किया जाएगा।
राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी 29 सितंबर को दूसरी बार हरिद्वार आ रहे हैं। इससे पहले वह नौ दिसंबर 2012 को देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज के दीक्षांत समारोह मेें शामिल होने हरिद्वार आए थे। इस बार राष्ट्रपति हरकी पैड़ी पर गंगा आरती में शामिल होने हरिद्वार आ रहे हैं। शासन-प्रशासन राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों में जुटा है। विशेष विमान से जौलीग्रांट देहरादून पहुंचने के बाद महामहिम चॉपर से भेल स्टेडियम पहुंचेंगे। हरकी पैड़ी पर सांयकालीन आरती में भाग लेने से पहले वह कुछ देर डामकोठी में रुकेंगे। इस दौरान पर्यटन विभाग उन्हें साहित्य भेंट करेगा।
इस साहित्य में हरकी पैड़ी, मनसा देवी, चंडी देवी सहित हरिद्वार के प्रमुख मंदिरों और पिरान कलियर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में स्थित बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब से जुड़ी जानकारियां होंगी। राष्ट्रपति के दल में शामिल करीब 60 सदस्यों को भी साहित्य के जरिये उत्तराखंड को नजदीक से जानने का मौका मिलेगा।
---------
राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के दौरे को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं से जुड़ी तैयारियां की जा रही हैं। महामहिम को धार्मिक, सांस्कृतिक, एडवेंचर और वाइल्ड लाइफ की जानकारियों से जुड़ा साहित्य भेंट किया जाएगा।
- हरबंश सिंह चुघ, जिलाधिकारी हरिद्वार