दिल्ली के फरीदनगर निवासी युवती को घुमाने हरिद्वार लाए उसके बुआ के बेटे ने कथित तौर पर उसे गंगनहर में धक्का दे दिया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद वन गुर्जरों की सूझबूझ से युवती की जान बच गई। पुलिस अब इस पूरे सनसनीखेज प्रकरण की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
युवती ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बुआ के बेटे के साथ हरिद्वार घूमने आई थी। उसने आरोप लगाया कि बुआ के बेटे ने ही उसे गंगनहर में धक्का दिया जिसके कारण वह डूबने लगी। मौके पर मौजूद वन गुर्जर सत्तार और जफर ने बहादुरी दिखाते हुए तुरंत गंगनहर में छलांग लगाई और डूबती हुई युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
युवती का आरोप है कि उसके बुआ के बेटे का उसकी बहन के साथ प्रेम संबंध चल रहा है। वह इस रिश्ते के बारे में जानती थी इसलिए उसे रास्ते से हटाने के लिए ही आरोपी ने यह कदम उठाया। चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान ने बताया कि युवती के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की विधिवत जांच की जा रही है। उन्होंने पुष्टि की कि आरोपी युवक मौके से फरार है और पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।
-
वन गुर्जर युवकों के प्रयास की सभी ने की सराहना
गंगनहर में युवती को डूबते देख वन गुर्जर सत्तार और जफर की तत्परता उसके लिए किसी फरिश्ते के रूप में सामने आई। इसमें उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए युवती को बचा लिया। इस मामले में जब युवती ने दोनों युवकों का जिक्र किया तो पुलिस ने दोनों को प्रोत्साहित किया। वहीं स्थानीय निवासी भी दोनों की प्रशंसा किए। उनकी तत्परता के चलते बड़ी दुर्घटना टल गई। हालांकि मौके पर अन्य कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते आरोपी बच निकला।