हरिद्वार। हरियाणा निवासी एक महिला ने कुछ लोगों पर उसके बेटे की गंगा में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि युवक को गंगा स्नान के बहाने हरिद्वार लाकर साजिश के तहत गंगा में धक्का दिया गया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मीरा देवी पत्नी बच्चू सिंह निवासी मण्डकौला थाना, पलवल हरियाणा ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बीती 20 जून को उसके बेटे रोहित को संदीप उर्फ तोता, मंगल व मंदिर श्रीधाम के महाराज राम लखनदास सहित अन्य लोगों ने गंगा स्नान के बहाने हरिद्वार बुलाया। आरोप लगाया कि सप्तऋषि आश्रम से परमार्थ घाट के बीच रोहित को जबरन गंगा में धक्का देकर डुबो दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मीरा देवी ने बताया कि उसका बेटा मंदिर की देखरेख, लेखा-जोखा और लेनदेन का काम संभालता था और इसी बात को लेकर ये लोग उससे रंजिश रखते थे। आरोप है कि गलत कार्यों में सहयोग न करने पर सभी ने षड्यंत्र रचकर उसकी हत्या कर दी। दावा किया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज उसके पास सुरक्षित है। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि इस संबंध में कोर्ट के आदेश पर हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गहनता से जांच की जा रही है।