हरिद्वार। गायत्री विद्यापीठ में दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में हरिद्वार, देहरादून सहित दस जिलों के 350 योग प्रशिक्षु विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने योग के विभिन्न आसनों का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में अंडर-14 आयु वर्ग बालक वर्ग के सामूहिक प्रतियोगिता में हरिद्वार को प्रथम, देहरादून को द्वितीय तथा नैनीताल को तृतीय स्थान मिला। बालिका वर्ग में नैनीताल प्रथम, हरिद्वार द्वितीय व टिहरी गढ़वाल तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-17 में हरिद्वार को पहला व नैनीताल को दूसरा, ऊधमसिंह नगर को तीसरा स्थान मिला। अंडर-19 आयु वर्ग में हरिद्वार को प्रथम, देहरादून को द्वितीय, नैनीताल को तृतीय स्थान मिला। प्रतियोगिता में ओवर ऑल चैम्पियनशिप में हरिद्वार प्रथम, द्वितीय व नैनीताल तृतीय रहा। साथ ही रिद्मिक, आर्टिस्टिक योग में विद्यार्थियों ने कौशल दिखाया। विजयी छात्र-छात्राएं दिसंबर में दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
गायत्री विद्यापीठ के डॉ. प्रणव पण्ड्या व शैलदीदी ने शुभकामनाएं दीं। व्यवस्था मंडल की प्रमुख शेफाली पण्ड्या ने कहा कि प्रतियोगिता हमें जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित करने में सहायता करती है। जीवन में हमें कभी भी प्रतियोगिता से पीछे नहीं भागना चाहिए। मुख्य अतिथि शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरी ने कहा कि योग शरीर को सुदृढ़ बनाने का अभ्यास का नाम है।
मुख्य शिक्षाधिकारी हरिद्वार कमलेश कुमार गुप्ता, गायत्री विद्यापीठ के प्रधानाचार्य सीताराम सिन्हा ने भी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।