हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने ससुराल पक्ष पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, दहेज प्रताड़ना, मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में महिला ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, राष्ट्रीय महिला आयोग और राज्य महिला आयोग समेत उच्च अधिकारियों को शिकायत भी की थी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अनिता पाल निवासी ब्रह्मपुरी रावली महदूद थाना सिडकुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 22 जनवरी 2022 को शिव मंदिर ब्रह्मपुरी निवासी सुशील पाल से हुई थी। आरोप लगाया कि शादी के कुछ ही माह में सास बलवीरी, देवर विशाल, देवरानी सोनिया समेत अन्य परिजनों ने उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित करना और दहेज में कम सामान लाने के ताने देना शुरू कर दिया। बताया कि उसके पति की यह दूसरी शादी है और शादी से पहले ही दोनों परिवारों में बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर गोदनामा लिखा गया था। बावजूद इसके, ससुराल पक्ष लगातार उसे व बच्चों को प्रताड़ित करता रहा।
आरोप है कि साजिशन उसके पति के हिस्से की जमीन और मकान पर कब्जा करने के लिए फर्जी दानपत्र बनवा लिया। जब उसने इसका विरोध किया तो उसे जातिसूचक शब्द कहकर घर से निकाल दिया। आरोप है कि बीती छह मई को ससुराल पक्ष के लोग लाठी-डंडों लेकर घर में घुसे और उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए पति को भी बेरहमी से पीटा। मोहल्ले वालों के पहुंचने पर उनकी जान बची। इसके बाद भी ससुराल वालों ने घर पर कब्जा कर लिया और धमकी दी कि दोबारा घर में दाखिल होने पर जिंदा जला देंगे। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर बलवीरी, विशाल, सोनिया, अनिता, वैशाली, सोनिया, लक्ष्मी, सोमवीर, सचिन, सोनू, विपिन, विकास, आशीष और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।