सीतापुर में पीड़ित परिवारों को संत्वना देते केंद्रीय मंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक साथ में रानी
- फोटो : HARIDWAR
केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक स्पेशल ट्रायल ट्रेन से कटकर मारे गए चारों युवकों के घर पहुंचे और घटना पर शोक जताया। उन्होंने युवकों के परिजनों को ढांढस बंधवाया और कहा कि दोषी अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में रेल मंत्री से मिलकर पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग करेंगे।
सात जनवरी की शाम को हरिद्वार-लक्सर रेल ट्रैक के दोहरीकरण के ट्रायल के दौरान जमालपुर फाटक के पास ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर के चार युवकों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। रविवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक सीतापुर पहुंचे। वह सबसे पहले प्रवीण के घर पर पहुंचे। इसके बाद मयूर, विशाल और गोलू उर्फ हैप्पी चौहान के परिजनों से मिले। परिजनों ने कहा कि ट्रैक के दोहरीकरण का काम कई महीने पहले पूरा हो चुका था। सात जनवरी को बिना सूचना के ट्रायल ट्रेन चला दी।
इसके बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री जमालपुर फाटक पर पहुंचे। यहां मौजूद लोगों ने अंडर पास बनवाने व रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ दीवार बनाने की मांग की। उन्होंने मुरादाबाद मंडल के डीआरएम तरुण प्रकाश से फोन पर बात की और इसके बाद लोगों को जल्द से जल्द काम शुरू होने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान विधायक रानीपुर आदेश चौहान, जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल चौहान, संजय सहगल, ओपी जमदग्नि, पंकज सहगल, आशु चौधरी आदि शामिल रहे।