- 22 सितंबर से 17 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा कार्यक्रम
- जिलाधिकारी के निर्देश पर हरिद्वार में 22 विभाग पहुंचाएंगे योजनाओं का लाभ
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में 22 सितंबर से 17 अक्तूबर 2026 तक जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम आयोजित होगा। यह अभियान उत्तराखंड शासन के सेवा संकल्प अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कुल 12 स्थानों पर बहुउद्देशीय शिविर लगेंगे।
इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। कुल 22 विभाग इन शिविरों में अपनी सहभागिता देंगे। शिविरों में जनसमस्याओं का मौके पर ही निस्तारण, आवेदन, पंजीकरण और लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर में आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान हो। अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
-
पहला शिविर विकासखंड बहादराबाद में
पहला शिविर 22 सितंबर को विकासखंड बहादराबाद में आयोजित होगा। इसके बाद 24 सितंबर को विकासखंड भगवानपुर और 26 सितंबर को रुड़की नगर निगम हॉल में शिविर लगेंगे। अक्तूबर में 1 तारीख को लक्सर, 3 को खानपुर, 6 को शिवालिक नगर, 8 को इब्राहिमपुर और 9 को मंगलौर में कार्यक्रम होंगे। 13 को पिरान कलियर और 15 को झबरेड़ा में भी शिविर लगेंगे। अभियान का समापन 17 अक्तूबर 2026 को अटल उत्कृष्ट कन्या इंटर कॉलेज, भगवानपुर में होगा।
-
शामिल विभाग और सेवाएं
इस अभियान में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, स्वास्थ्य, आयुष, शिक्षा, पेयजल, ऊर्जा, वन, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान और आपदा प्रबंधन सहित 22 विभाग शामिल हैं। ये विभाग अपने-अपने विभाग की विकास योजनाओं के स्टॉल लगाएंगे। वे विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन, पंजीकरण और प्रमाणपत्र वितरण करेंगे। अन्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।