हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र की पॉश कॉलोनी में तड़के घर के बाहर टहल रही बुजुर्ग महिला से दो बदमाश सोने के कंगन लूटकर फरार हो गए। छीना-झपटी के दौरान महिला गिरकर घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
घटना मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे की है। जब हरिलोक कॉलोनी निवासी ललित रस्तौगी की बुजुर्ग माता घर के बाहर टहल रही थीं। घर से कुछ दूरी पर पहुंचते ही पार्क के पीछे बैठे दो युवकों ने उन्हें घेरकर कंगन उतारने की कोशिश की, मगर महिला ने विरोध किया। इसके बाद दोनों ने छीन लिए। छीना-झपटी के साथ ही विरोध करते हुए बुजुर्ग नीचे गिर गई, जिससे वह चोटिल हो गई।
बदमाश कंगन लूटने के बाद फरार हो गए। बुजुर्ग ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। तब पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर जानकारी जुटाते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। कॉलोनी के लोगों ने पुलिसकर्मियों के सामने विरोध जताया और कई बार इस तरह की घटनाएं होने की बात कहते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की भी मांग की। कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह तनवार ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।