शहर में लूट और चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। ज्वालापुर की हरिलोक कालोनी के बाद बदमाशों ने सोमवार को ज्वालापुर से सटे सीतापुर और भूपतवाला की गायत्री विहार कालोनियों में दिन- दहाड़े दो चोरियों को अंजाम दे डाला। दोनों ही घटनाओं में ताले चटकाकर लाखों के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
सोमवार को बदमाशों ने ऑटोमोबाइल कंपनी में कार्यरत सीतापुर निवासी मुकेश चौहान का परिवार पड़ोस में अपने पैतृक परिवार में गया था। दोपहर को ताला तोड़कर उनके घर से लाखों के जेवर व नगदी चोरी हो गई। घर से दो बदमाशों को निकलता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो वह भाग खड़े हुए। सूचना पर ज्वालापुर कोतवाली के एसएसआई कमल मोहन भंडारी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। वहीं दूसरी ओर कंप्यूटर कारोबारी कुणाल गोदियाल के भूपतवाला में शांतिकुुंज के सामने स्थित गायत्री विहार कालोनी में भी चोरी हो गई। परिवार के मुताबिक चोर घर से करीब चार लाख के गहने और 60 हजार रुपये नगद ले गए हैं।
सूचना पर नगर कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया, सप्तऋषि चौकी प्रभारी सतेंद्र भंडारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
गायत्री विहार कालोनी में चोरी करने वाले बदमाश सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। घर में लगे सीसीटीवी में बदमाश जेवर नगदी ले जाते हुए साफ नजर आ रहा है। वहीं पड़ोस के मकान पर लगे सीसीटीवी में भी वारदात कैद हुई है। पुलिस हुलिया चिह्नित कर संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। जबकि सीतापुर में भी बदमाश आसपास के सीसीटीवी कैमरे में कैद बताए जा रहे हैं। पुलिस आस पास के सीसीटीवी खंगाल रही है।
कालोनी में 15 दिन पहले भी हुई चोरी
गायत्री विहार कालोनी में 15 दिन पहले भी चोरी हुई थी। लगातार घटनाओं पर भाजपा ने नाराजगी जताई है। पूर्व मंडल महामंत्री विदित शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस पिछली घटनाओं का खुलासा नहीं कर पाती कि नई घटना हो जाती है। कहा कि जल्द घटनाओं का खुलासा नहीं होने पर भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।
हरिलोक कालोनी में फिर हुआ प्रयास
ज्वालापुर की हरिलोक कालेानी में फिर बदमाश आने की सूचना से हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस इससे इनकार कर रही है। बताया गया है कि दो संदिग्ध युवकों ने पार्क के पास बने एक मकान में घुसने का प्रयास किया। महिलाओं के शोर मचाने पर युवक गाली गलौच करते हुए भाग निकले। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाशों ने फिर लूट का नाकाम प्रयास किया है।