- पेयजल पाइप लाइन खोदते समय जेसीबी से हुआ हादसा, बड़ी दुर्घटना होने से बची
सप्तऋषि। शांतिकुंज गेट के बाहर पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान जेसीबी की खोदाई से हरिद्वार नेचुरल गैस की भूमिगत पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गैस लीक होने पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ऑटो कट सिस्टम सक्रिय होने से गैस सप्लाई तुरंत बंद हो गई और बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर हरिद्वार नेचुरल गैस की टीम ने मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन की मरम्मत की, जिसके कारण करीब एक घंटे तक गैस आपूर्ति बाधित रही। इससे आश्रमों, अखाड़ों और आसपास के घरों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खुदाई के दौरान सीवर पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसे जल संस्थान ने टैंकर की मदद से पानी निकालकर ठीक कराया। पेयजल निगम के जेई मनोज डोभाल ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। पेयजल लाइन का कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया है और जेसीबी चालक को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।