उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में दीपावली की पूर्व संध्या पर हुए मामूली विवाद में एक युवक ने अपने दोस्त के पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर अवस्था में युवक को देहरादून के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, आरोपी दोस्त की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
शनिवार देर रात क्षेत्र की गुसाईं गली का रहने वाला सोनू पुत्र अरुण होली चौक के पास खड़ा हुआ था। इसी बीच उसका दोस्त शुभम भी आ पहुंचा। देखते ही देखते दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि शुभम ने चाकू से सोनू पर हमला बोल दिया। पेट एवं छाती में चाकू से कई वार कर किए। वारदात को अंजाम देकर शुभम मौके से फरार हो गया। लहूलुहान अवस्था में सोनू को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया। युवक का इलाज देहरादून के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस की माने तो घायल युवक की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने रविवार और सोमवार को आरोपी की तलाश में दबिश दी है, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। यह सामने आया कि शुभम की गलत संगत की वजह से उसे परिवार ने बेदखल किया हुआ है। खड़खड़ी चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। घायल की हालत में सुधार है।