- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, आरोपियों से तीन असलहे-कारतूस बरामद
- दो कारों में सवार होकर पहुंचे थे आरोपी, पुलिस ने वाहन भी जब्त किए
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में काम का हिसाब मांगने पर कर्मचारी के घर के बाहर फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर गुड्डू चौधरी समेत चार आरोपियों को शुक्रवार रात बुग्गावाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन हथियार, दो मैगजीन, 16 जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद हुई है। पांचवां आरोपी अंकुर वर्मा उर्फ हन्नी फरार है।
पुलिस के अनुसार, सुभाष नगर निवासी निशांत यादव पिछले चार साल से शिवालिक नगर, रानीपुर निवासी प्रॉपर्टी डीलर गुड्डू चौधरी के कार्यालय में काम करता था। आरोप है कि काम का हिसाब मांगने पर गुड्डू और उसके भाई हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू उससे नाराज थे। आरोप है कि गुड्डू और उसका भाई हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू उसके साथ गाली-गलौज और अभद्रता भी कर रहे थे। निशांत को उम्मीद थी कि उसे उसकी मेहनत की कमाई मिल जाएगी, इसलिए वह चुप रहा। 12 नवंबर की रात करीब 11:05 बजे निशांत अपने दोस्त नीरज और पड़ोसी सुमित मिश्रा के साथ चाय पीने निकला। तभी दो कारों में सवार गुड्डू चौधरी, मनोज कुमार, अंकुर वर्मा उर्फ हन्नी और हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू वहां पहुंचे। आरोप है कि गुड्डू ने निशांत को धमकाते हुए जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायर किए। अन्य साथियों ने भी गोलियां चलाईं। निशांत और उसके दोस्तों ने भागकर जान बचाई।
बुग्गावाला से चार गिरफ्तार
एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि शिकायत पर हत्या के प्रयास समेत प्रभावी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर एसएचओ चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीमें गठित की गई थीं। शुक्रवार रात मुखबिर की सूचना पर गुड्डू चौधरी, मनोज कुमार निवासी बिटावड़ा, थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर, हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, रानीपुर और संदीप उर्फ मोनू निवासी चंदनहेड़ी ख्वाजापुर, थाना छपरौली, बागपत को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों से 315 बोर की राइफल, 12 बोर की पंप एक्शन गन, 32 बोर की देसी पिस्टल, दो मैगजीन, 16 जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए। घटना में इस्तेमाल कार भी जब्त की गई है। फरार आरोपी अंकुर वर्मा उर्फ हन्नी की तलाश में दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।