- बहादराबाद और कनखल कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने जेल भेजा
- देहरादून में इंजेक्शन बेचने के लिए लेकर जा रहे थे आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद/हरिद्वार। पुलिस ने अलग-अलग दो स्थानों से 103 नशीले इंजेक्शनों के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेश कर सभी को जेल भेज दिया गया है।
बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह में पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो युवकों को 93 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बुप्रेनॉर्फिन और डाइजेपाम के इंजेक्शन बरामद हुए हैं। दोनों आरोपी इंजेक्शन बेचने के लिए देहरादून जा रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बुलेट बाइक, दो मोबाइल फोन और 2600 रुपये भी बरामद किए हैं। कोर्ट में पेश कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की देर रात एसएचओ अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम भारापुर भौरी और सहदेवपुर जाने वाले मार्ग के तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। तभी भारापुर भौरी की ओर से बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। रुकने का इशारा किया तो चालक ने बाइक तेजी से मोड़ने का प्रयास किया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। दोनों युवक उठकर भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने अपने नाम नसीम निवासी ग्राम लंढौरा, थाना मंगलौर, तन्मय ध्यानी निवासी रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, जिला देहरादून बताए। तलाशी के दौरान नसीम के बैग से डाइजेपाम इंजेक्शन आईपी लोरी 2 एमएल के 48 इंजेक्शन मिले। वहीं, तन्मय ध्यानी के बैग से बुप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड के 45 इंजेक्शन बरामद हुए। इस तरह कुल 93 इंजेक्शन मिले।
पूछताछ में नसीम ने बताया कि दोनों ये इंजेक्शन भगवानपुर निवासी शाहनाम से खरीदकर लाए थे और इन्हें बेचने के लिए देहरादून जा रहे थे। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
वहीं, कनखल कोतवाली क्षेत्र में दो युवकों को 10 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात पुलिस टीम गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। माया विहार कॉलोनी के पास स्थित आम के बाग के नजदीक लिंक रोड पर दो युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर दोनों के से मिली पन्नियों के अंदर से प्रतिबंधित इंजेक्शन मिले।
एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सुमित कुमार एवं मनीष उर्फ मोनू निवासी जियापोता कनखल बताए। बरामद इंजेक्शनों पर बुप्रेनॉर्फिन लिखा हुआ था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे फेरुपुर निवासी अनीश खान से नशीले इंजेक्शन लेकर आते थे। इन इंजेक्शनों को नशा करने वाले लोगों को बेचने के साथ खुद भी इस्तेमाल करते थे। शनिवार को दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।