ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में फाइनेंस पर खरीदी कार को कंपनी के रिकवर एजेंट और उनके गुर्गों ने जबरन छीन लिया। मामला पुलिस तक पहुंचा। तत्काल आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। एसएसपी अजय सिंह ने वाहन छीनने के मामले में पहले ही सभी प्रभारियों को तत्काल मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे।
मनोज कुमार निवासी आदर्श कॉलोनी मेन बाजार लक्सर ने शिकायत देकर बताया कि चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी से उसने कार फाइनेंस पर खरीदी थी। ज्वालापुर में हरिलोक तिराहे के पास पहुंचते ही कंपनी के कुछ लोगों ने रोक लिया और अभद्रता करते हुए जबरन गाड़ी छीनने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि इस तरह की घटनाओं में एसएसपी ने बिना पुलिस को सूचना दिए गाड़ी छीनने वालों पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे। कार मालिक की शिकायत पर चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी के अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गाड़ी छीनने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।