गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के एक छात्र ने अपने दोस्त को मोबाइल फोन पर खुदकुशी करने की बात कही और फिर गंगनहर में छलांग लगा दी। छात्र के कमरे में मिले सुसाइड नोट में उसने जिंदगी में कुछ न कर पाने के मलाल के चलते आत्महत्या करने की बात लिखी है। देर शाम तक चले सर्च आपरेशन के बाद भी छात्र को कुछ पता नहीं चल पाया।
लक्सर के गांव बड़ा अकोढाकलां निवासी प्रणव चौधरी पुत्र देवेंद्र चौधरी बीएससी प्रथम वर्ष में अध्ययनरत है। कनखल की ही विष्णु गार्डन कालोनी मे किराये पर रह रहे छात्र ने शाम करीब चार बजे अपने रूम पार्टनर सुधांशु को फोन पर सूचना दी कि वह खुदकुशी कर रहा है। बाकायदा सिंहद्वार के पुल पर होने की बात भी कही। फोन कॉल कट कर करने बाद छात्र ने गंगनहर में छलांग लगा दी।
चश्मदीदों के शोर मचाने पर जल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। छात्र के गंगनहर में छलांग लगाने की सूचना के फैलते ही छात्र भारी संख्या में एकत्र हो गए। इधर, परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जल पुलिस ने देर शाम तक छात्र को तलाश किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। इंस्पेक्टर जवाहर लाल ने बताया कि छात्र ने अपने कमरे पर एक रजिस्टर में सुसाइड नोट छोड़ा है। उसमें जिंदगी में कुछ न कर पाने की बात लिखी है और अपने दोस्तों को पढ़ाई पर ध्यान देने को कहा है।