हरिद्वार हाईवे पर निर्माणाधीन फ्लाइओवर में चल रहा कार्य के दौरान कार पर गिरा ब्लॉक ।
- फोटो : HARIDWAR
दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर चंडी चौक के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक पैनल नीचे चल रही कार के ऊपर गिरा गया। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पैनल इतना भारी था कि उसके गिरने से कार का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया । चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, कार सवार मोहम्मद आदिल, शोयब और जकरिया निवासी लिसाड़ी रोड मेरठ बुधवार की शाम ऋषिकेश से मेरठ लौट रहे थे। वह जैसे ही चंडी चौक के पास पहुंचे तो उनकी कार पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक पैनल आ गिरा।
हादसे में मोहम्मद आदिल केसर पर गंभीर चोट आ गईं। जबकि अन्य दो युवक शोयब और जकरिया को हल्की चोटें आई। पैनल इतना भारी था कि कार का आधे से अधिक का आगे हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घायल कार चालक मोहम्मद आदिल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रोड़ी बेलवाला चौकी इंचार्ज पवन डिमरी ने घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया गसा है। देर रात फ्लाईओवर का निर्माण करा रहे ठेकेदार और पीड़ितों के बीच आपसी समझौता भी हो गया है।
बड़ी लापरवाही आई सामने
हरिद्वार दिल्ली हाईवे पर जटवाड़ा पुल से लेकर शांतिकुंज तक कई फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में फ्लाईओवर का पैनल सड़क पर चलती कार पर गिर जाना बड़ी लापरवाही दर्शाता है। यदि यह पैनल किसी बाइक अथवा स्कूटी सवार के ऊपर गिर जाता तो किसी बड़े हादसे से भी इनकार नहीं किया जा सकता था।