- श्यामपुर थाना क्षेत्र का मामला, 10 नामजद व 60 अज्ञात पर दर्ज थी रिपोर्ट
- कार की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत के बाद लोगों ने किया था हंगामा
हरिद्वार/श्यामपुर। श्यामपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई स्कूटी सवार की मौत के बाद हुए बवाल में पुलिस से अभद्रता और चौकी में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेश करने के बाद सभी को जेल भेज दिया गया। मामले में 10 नामजद समेत 50-60 अज्ञात लोग हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि एक अप्रैल को चंडीघाट क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर यातायात बाधित किया था। इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए चौकी में तोड़फोड़ कर राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। इस संबंध में एसआई नवीन चौहान की तहरीर पर दो अप्रैल को 10 नामजद व 50-60 अज्ञात के खिलाफ प्रभावी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। विवेचक उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुबोध निवासी खत्ता बस्ती चंडीघाट, संदीप निवासी ग्राम कांगड़ी श्यामपुर, गोविंद शाह निवासी भीमगोड़ा खड़खड़ी हाल गाजीवाली, रामबाबू उर्फ भूरा निवासी दीनदयाल पार्किंग, रोड़ीबेलवाला को गिरफ्तार कर लिया। एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि सभी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।