- जनपद में चयनित किए गए हैं 159 हाईरिस्क 159 गांव
हरिद्वार। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद के 159 हाईरिस्क गांवों में 100 दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। टीबी यूनिट बहादराबाद की ओर से अतिसंवेदनशील और दूरस्थ गांवों में घर-घर स्क्रीनिंग की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम मीठीबेरी लालढांग में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन से 110 लोगों की जांच की जिनमें 69 महिलाएं और 41 पुरुष शामिल रहे। सभी को मौके पर ही एक्स-रे रिपोर्ट प्रदान की गई। जांच के दौरान पांच संदिग्ध मरीज मिले, जिनके बलगम सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। पुष्टि होने पर मरीजों का निशुल्क उपचार शुरू किया जाएगा। जांच कार्य में आरोग्यम कॉलेज के एक्स-रे टेक्नीशियन सागर, महक और नीलम का सहयोग रहा। जिला टीबी अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर ने पूरे गांव की स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला क्षयरोग केंद्र हरिद्वार से जिला कार्यक्रम समन्वयक अनिल नेगी, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर मो. सलीम और नेपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।