- हरिद्वार रेलवे स्टेशन का मामला, जीआरपी ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय एक महिला की सोने की चेन छीन लेने के मामले में जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरें खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, राजेश कुमारी उर्फ रेखा पत्नी श्याम बाबू निवासी महाराणा प्रताप नगर जिला एटा यूपी ने तहरीर में बताया कि वह 15 जून की सुबह करीब साढ़े सात बजे हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सवार हो रही थीं। इसी दौरान भीड़ के बीच चार अज्ञात लोग उनके पास पहुंचे। दो महिलाओं सहित सभी लोगों ने मौका पाकर उनके गले से करीब ढाई तोला वजनी सोने की चेन झपट ली।
चेन लूटे जाने का एहसास होते ही उन्होंने शोर मचाया और मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी निरीक्षक बिपिन चंद्र पाठक ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है।