-कनखल कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र के किशनपुर गांव में ताला तोड़ने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला करने के आरोप में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि युवक के सिर में गंभीर चोट आई थी, जिसे हालत बिगड़ने पर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नाजिस निवासी सुल्तानपुर-बिशनपुर, कनखल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे उसके पति शाहरूख किशनपुर स्थित अपने घर पहुंचे थे। कमरे पर ताला लगा होने पर उसने पड़ोसी से जानकारी ली। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद अरमान, वसीम, शबनम और मुस्कान उसके पति के साथ गाली-गलौज करने लगे।
शाहरूख ने ताला लगाने का विरोध करते हुए उसे तोड़ने की कोशिश की। इस पर सभी ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए शाहरूख छत की ओर भागे। आरोप है कि इसी दौरान अरमान और वसीम ने धारदार हथियार से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे शाहरूख के सिर में गंभीर चोट आई।
आरोप है कि सभी ने घटना के दौरान एक गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शाहरुख को घायल अवस्था में जिला अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। वहां उपचार चल रहा है। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।