- सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शुरू की विवेचना
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के आन्नेकी गांव में एक युवक को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, नीटू निवासी ग्राम आन्नेकी ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि बीते 15 मार्च की शाम करीब साढ़े पांच बजे वह गांव में सब्जी बेच रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा सन्नी तराजू लेकर उनके पास पहुंचा। आरोप है कि तभी गांव के ही रोहित उर्फ सोनू तेज गति और लापरवाही से कार चलाते हुए आया और सन्नी को टक्कर मार दी। हादसे में सन्नी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तत्कालअस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर चोटों के चलते उसका लंबे समय तक उपचार चलता रहा। घटना के बाद 23 मार्च को सिडकुल थाने में तहरीर दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद छह अप्रैल को एसएसपी कार्यालय में भी शिकायत की गई, बावजूद इसके मामला दर्ज नहीं किया गया। कार्रवाई न होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। सीओ सदर एसपी बलूनी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी रोहित उर्फ सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।