- मध्य प्रदेश से ट्रांसफर होकर आई जीरो एफआईआर शहर कोतवाली में दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। सोशल मीडिया पर महात्मा ज्योतिबा फुले के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में मध्यप्रदेश से ट्रांसफर होकर आई जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मुकेश सुमन निवासी वार्ड नंबर 18 शीतला पाड़ा श्योपुर मध्यप्रदेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह राष्ट्रीय फूले ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष है। आरोप लगाया कि 28 नवंबर 2025 को फेसबुक पर स्वामी आनंद स्वरूप नाम की आईडी से महात्मा ज्योतिबा फुले के खिलाफ अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणी की गई। संबंधित फेसबुक पोस्ट में फुले के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया।
आरोप है कि यह पोस्ट समाज में जातीय वैमनस्य और धार्मिक शत्रुता फैलाने की मंशा से की गई, जिससे एक बड़े वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं। बताया कि फेसबुक आईडी धारक का आश्रम हरिद्वार में है। श्योपुर की पुलिस ने घटना से संबंधित स्थान हरिद्वार का होने के चलते जीरो एफआईआर दर्ज कर हरिद्वार ट्रांसफर कर दी। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।