- सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, कोर्ट में तारीख पर आई थी पीड़िता
हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित न्यायालय परिसर में घरेलू हिंसा के मामले की सुनवाई के दौरान आई महिला ने पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पति ने कोर्ट परिसर के बाहर पत्नी से गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और सार्वजनिक रूप से तीन बार तलाक बोला। पीड़िता की तहरीर पर सिडकुल पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शबनम निवासी मोहल्ला कस्साबान ज्वालापुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका घरेलू हिंसा से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। 16 मई को रोशनाबाद स्थित न्यायालय में मामले की सुनवाई और रिकवरी प्रकरण की तारीख थी। आरोप है कि दोपहर करीब तीन बजे कोर्ट परिसर के बाहर उनके पति शमशाद निवासी मोहल्ला झोझगान, पुरकाजी जिला मुजफ्फरनगर ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि पति ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि सार्वजनिक रूप से तीन बार तलाक बोलकर संबंध खत्म करने की बात कही। आरोप है कि पति लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा है जिससे वह डरी हुई है और उसे अपनी सुरक्षा का खतरा बना हुआ है। घटना के बाद उसने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। अब पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।