- रानीपुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, एक पक्ष पहले करा चुका रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोप है कि चार लोगों ने पिता-पुत्र पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में बेटे का सिर फट गया, जबकि पिता के हाथ की हड्डी टूट गई। दोनों को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, बहादराबाद निवासी सुमित जायसवाल ने तहरीर देकर बताया कि उनके पिता सतीश कुमार जायसवाल का पंकज जायसवाल से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। सुल्तानपुर माजरी स्थित जयसवाल ट्रांसपोर्ट भवन पर न्यायालय ने उनके पिता के पक्ष में स्टे आदेश दिया है। आरोप है कि पांच नवंबर को नायब तहसीलदार के मौका मुआयने के बाद पंकज ने अपने बेटे अनिकेत, दीपक मिश्रा और जितेंद्र को बुला लिया।
आरोप है कि शटर तोड़ने का विरोध करने पर सभी ने सुमित और उनके पिता पर हमला कर दिया। सतीश के हाथ में गंभीर चोट आई। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली। एक पक्ष की ओर से पहले ही प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।