- सीएमओ के निर्देश पर चलाया चेकिंग अभियान
हरिद्वार। जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ टीम ने बिना चेतावनी बोर्ड के तंबाकू बेच रहे 33 दुकानदारों के चालान किए। लोगों के बीच धूम्रपान कर रहे लोगों को भी जागरूक किया गया।बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) हरिद्वार डाॅ. आरके सिंह के निर्देश पर जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ टीम ने नगर निगम से ऋषिकुल चौराहा और बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तक और आस-पास के क्षेत्रों में तंबाकू बेचने वाले दुकानदारों की चेकिंग के लिए अभियान चलाया। जहां लोगों की भीड़ रहती है, उन स्थानों पर भी लोगों को जागरूक किया गया। अपील की गई कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न किया जाए। इस दौरान बिना चेतावनी के तंबाकू उत्पाद बेच रहे 33 दुकानदारों का चालान कर 5520 रुपये जुर्माना वसूला गया। निर्देश दिए गए कि बिना चेतावनी बोर्ड के किसी भी सूरत में तंबाकू उत्पाद न बेचे जाएं। इस मौके पर जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ टीम से जिला सलाहकार रोहित यादव, सामाजिक कार्यकर्ता विनोद, बालाजी सेवा संस्थान देहरादून और पुलिस विभाग मायापुर चौकी से लेखराम भी उपस्थित रहे।