- खेत में कचरा डालकर फसल नष्ट करने का आरोप
- पट्टे की सरकारी जमीन पर खेती कर परिवार चलाता है पीड़ित, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरी। थाना क्षेत्र के नसीरपुर कलां गांव में खेत में कचरा डालकर फसल नष्ट करने और विरोध करने पर किसान के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रहीम निवासी नसीरपुर कलां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता रहमत को वर्ष 1985 में गांव के प्रधान और जिम्मेदार लोगों की ओर से खेती और गुजर-बसर के लिए सरकारी पट्टा दिया गया था। वह इसी जमीन पर फसल उगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आरोप है कि तीन अक्तूबर को साजिद और साहिब निवासी नसीरपुर कलां ने उनके खेत में गांव का गंदा कचरा डाल दिया। इसके बाद पूरी फसल पर ट्रैक्टर चला दिया, जिससे फसल नष्ट हो गई और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
रहीम का आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही दोबारा खेत में आने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मरवाने की धमकी दी। चार अक्तूबर की शाम करीब पांच बजे उन्होंने फोन कर आरोपियों से खेत में कचरा नहीं डालने को कहा तो फोन पर भी गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी। सीओ संजय चौहान ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।