गुरुकुल कांगड़ी विवि के भौतिक विज्ञान विभाग में बीएससी फोर्थ सेमेस्टर की कक्षा में पढ़ाई के दौरान एक पंखा छत से गिर गया। पंखे की चपेट में आने से एक छात्र को हल्की चोटें आई। गुस्साए छात्रों से कुलसचिव कार्यालय का घेराव करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने संकाय के डीन पीपी पाठक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए डीन को पद से हटाए जाने की मांग की।
बृहस्पतिवार की सुबह गुरुकुल कांगड़ी विवि के भौतिक विज्ञान विभाग में बीएससी फोर्थ सेमेस्टर के छात्र अपनी कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान छत से एक पंखा गिर गया। पंखा गिरने से एक छात्र के सिर पर हल्की चोट आ गई। घटना से गुस्साए छात्रों ने छात्र कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अभिषेक चौहान के नेतृत्व में कुलसचिव कार्यालय पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व छात्र कल्याण परिषद के अध्यक्ष चर्चित बालियान ने कहा कि कक्षा में पढ़ाई के दौरान छत से पंखा गिरना सामान्य घटना नहीं है। इससे घटना में छात्रों को गंभीर चोटें भी आ सकती थी। विवि में फैली अव्यवस्थाओं के चलते छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घटना से नाराज छात्रों ने कुलसचिव कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करते हुए संकाय के डीन को पद से हटाए जाने की मांग की। विरोध प्रदर्शन करने वालों में चौधरी अनुज कालखंडे, धर्मेंद्र, अंकुर मलिक, देवेश मलिक, अजय पंवार, रिंकु गुर्जर, अंकित, राहुल, मोहित, शुभम, ललित आदि मौजूद थे।