- नरेंद्र उर्फ नगीन का शव दिल्ली ले गए परिजन, रणधीर का हुआ पोस्टमार्टम
सिडकुल। शनिवार की शाम ग्राम डालूवाला मजबता में खेत में पौधरोपण की तैयारी करते समय बिजली गिरने से हुई दो किसानों की मौत के बाद एक का शव बिना पोस्टमार्टम कराए परिजन दिल्ली ले गए। दूसरे किसान का पोस्टमार्टम कराया गया है। अब आपदा प्रबंधन विभाग पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
शनिवार को नरेंद्र उर्फ नगीन (55) निवासी डालूवाला मजबता और रणधीर सिंह (38) निवासी खाला टीरा खेत में मौजूद थे। इसी बीच बिजली गिरने से दोनों झुलस गए थे। सिविल अस्पताल रुड़की ले जाने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया था। रविवार को रणधीर सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। नरेंद्र सिंह उर्फ नगीन के परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को दिल्ली लेकर परिवार के पास लेकर चले गए। डालूवाला मजबता के ग्राम प्रधान सेठराज ने बताया कि ग्राम वासियों की मांग है कि मृतक के परिजन को मुआवजा धनराशि सरकार की ओर से समय से दी जाए। वही, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि रणधीर सिंह के परिजनों को चार लाख मुआवजा दिया जाएगा। मृतक नरेंद्र सिंह के परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव ले गए हैं। इसलिए नियमों को देखते हुएं यह मुआवजा उन्हें नहीं दिया जाएगा।