हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दिन पहले संदिग्ध हालात में लापता हुए युवक का शव नहर किनारे पेड़ पर लटका मिला। पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि सलेमपुर नहर किनारे पेड़ पर एक शव लटका होने की सूचना मिली। सूचना पर रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया गया। मृतक की पहचान अशोक कुमार (24) पुत्र रमेश कुमार निवासी देवकली शाहजहांपुर यूपी हाल सरस्वती विहार कॉलोनी सिडकुल के रूप में हुई। पता चला कि वह बहादराबाद की एक टायर फैक्टरी में काम करता था।
बताया गया कि अशोक बुधवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन फिर लौटकर नहीं आया। परिजनों के अनुसार वह घर से जाते समय पत्नी से चुन्नी मांगकर ले गया था। इंस्पेक्टर आशुतोष राणा ने बताया कि मामला आत्महत्या का है, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।