हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में एक फैक्टरी में काम करते समय एक कर्मचारी को करंट लग गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अमित कुमार (28) निवासी डबोली खुर्द, थाना लालगंज, जिला बस्ती यूपी, हाल रोशनाबाद, सिडकुल यहां साइनोकेम कंपनी, प्लांट-1 में इंसुलेशन का कार्य करते थे। बुधवार की सुबह वह कंपनी में काम कर रहे थे, इसी बीच मशीन से करंट लग गया और वह बदहवास होकर गिर पड़े। कंपनी के इंजीनियर अजीत ठाकुर तुरंत उन्हें वाहन से गंभीर हालत में मेट्रो अस्पताल लेकर पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। क्षेत्राधिकारी सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।