हरिद्वार। बाजार से सब्जी लेकर लौट रही महिला के कान से कुंडल झपटकर भाग रहे एक लुटेरे को भीड़ ने पीछा कर धर दबोचा। यूपी के मुरादाबाद का रहने वाला आरोपी सिडकुल की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत है।
घटना शुक्रवार देर रात ज्वालापुर के सुभाषनगर क्षेत्र की है। क्षेत्र के ही रहने वाले रोडवेज अधिकारी वीके शर्मा की पत्नी आरती अपनी बेटी के साथ बाजार सब्जी लेने गई थी। सब्जी लेकर वापस लौटते वक्त झंडा चौक के पास पहुंचते ही पीछे से आए एक युवक ने झपट्टा मारकर महिला के कान से कुंडल लूट लिए।
महिला की चीख पुकार सुनकर राहगीर एकत्र हो गए। भीड़ ने लुटेरे का पीछा कर मुख्य बाजार में ही उसे दबोच लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ के चंगुल से आरोपी को हिरासत में लिया। एसएसआई कमल मोहन भंडारी ने बताया कि आरोपी का नाम नन्हे वर्मा पुत्र मुकुंदी वर्मा निवासी गांव खैरोलापुर ठाकुरद्वारा मुरादाबाद है। आरोपी सिडकुल की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत है और सुभाषनगर में ही रह रहा है। महिला के पति की ओर से लूट का मुकदमा दर्ज किया गया। इस पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शुक्र है कि पब्लिक चौकस थी तभी कुंडल लूटकर भाग रहा लुटेरा रंगे हाथ ही धरा गया, वरना एक घटना और पुलिस डायरी में दर्ज हो जाती। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की तस्वीर इस घटना के बाद से सामने आ ही गई। घर हो या बाजार, कही भी कोई सुरक्षित नहीं है। उधर, आईजी गढ़वाल रेंज संजय गुंज्याल ने कहा कि हरिद्वार पुलिस से इन सभी घटनाओं के खुलासे में की गई कार्रवाई की समीक्षा होगी। पुलिस की जवाबदेही तय की जाएगी।