हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में गंगनहर में नहाते समय एक फैक्टरी में काम करने वाला युवक डूबकर लापता हो गया। सूचना मिलने पर जल पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया। वहीं, जल पुलिस की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद स्थानीय युवक गंगनहर में जान जोखिम में डालकर स्नान करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार की दोपहर की है। जब बहादराबाद रेगुलेटर पुल के पास एक युवक अपने साथियों के साथ गंगनहर में नहाने के लिए पहुंचा था। देखते ही देखते वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और डूबकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया। पुलिस के मुताबिक डूबने वाले युवक की पहचान गुलशन (18) पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी रोशनाबाद के रूप में हुई है। वह रोशनाबाद स्थित रॉकमैन कंपनी में कार्यरत था।
बताया गया कि रविवार को गुलशन अपने साथियों के साथ बहादराबाद रेगुलेटर पुल के पास गंगनहर में स्नान करने पहुंचा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में लापता हो गया। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि युवक की तलाश में जल पुलिस की टीम जुटी है। वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गंगनहर और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में स्नान करने से बचें।