हरिद्वार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में 21 दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। चुनाव के लिए मतदान केंद्रों की संख्या 100 और बूथ की संख्या 273 बनाई गई है। प्रथम चरण में मतदान लक्सर एवं खानपुर ब्लाक में होगा। रविवार को पोलिंग पार्टी रवाना कर दी जाएंगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रथम चरण का मतदान 21 दिसंबर दिन सोमवार को होगा। पहले चरण के लिए लक्सर एवं खानपुर ब्लाक में मतदान होगा। दोनों ब्लाकों में प्रधान पद 73, बीडीसी 61, ग्राम पंचायत सदस्य 835 और जिला पंचायत सदस्य नौ सीटों के लिए मतदान होना है। इन पदों के लिए एक लाख 50 हजार, 740 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। जिनमें से पुरुष मतदाता 79 हजार 200 और महिला मतदाता 71 हजार 540 है। मतदान क्षेत्र को पांच जोन में विभाजित किया गया है। जिनमें 26 सेक्टर है। मतदान के लिए केंद्र 100 बनाए गए है, जबकि बूथ 273 है, इनमें से अतिसंवेदनशील मतदान बूथ 195, संवेदनशील बूथ 72 और सामान्य मतदान बूथ 6 बनाए गए है। जिला निर्वाचन अधिकारी हरवंश सिंह चुुघ ने बताया कि दोनों ब्लाक में मतदान को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। पोलिंग पार्टी रविवार की शाम को रवाना हो जाएंगी। जिन्हें मतदान का प्रशिक्षण करा दिया गया है।