- जलोत्सारण योजना के तहत खोदी गई सड़कों के आधे-अधूरे निर्माण से बढ़ी परेशानी
- जिम्मेदार कार्यदायी संस्थाएं और विभाग नहीं ले रहे हैं खोदी पड़ी सड़क की सुध
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। कुंभ की तैयारियों के बीच जलोत्सारण योजना के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं हो रही है। जिम्मेदार विभागों की लापरवाही के कारण भूपतवाला, जगजीतपुर और राजा गार्डन जैसे क्षेत्रों में लोग क्षतिग्रस्त सड़कों पर आवागमन को मजबूर हैं। इससे आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी वर्चुअल और मीटिंग बैठक के दौरान अधिकारियों को जनहित के काम न रोकने के निर्देश दिए थे। उन्होंने विकास योजनाओं से संबंधित कई प्रस्तावों को मंजूरी भी दी है। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की प्रगति का ब्योरा बीते दिनोंं सीसीआर की बैठक में लिया था। इनमें स्पष्ट निर्देशों के बावजूद, सड़कों की मरम्मत का कार्य अभी भी लंबित है।
-
आम जनता को भारी असुविधा
भूपतवाला क्षेत्र, जगजीतपुर और राजा गार्डन सहित कई बड़ी आबादी वाले इलाकों में सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। जलोत्सारण योजना के तहत इन सड़कों को खोदा गया था, लेकिन इन्हें दोबारा नहीं बनाया गया। स्थानीय निवासियों को इन टूटी-फूटी सड़कों से गुजरने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कुंभ की तैयारियों के बीच यह समस्या और भी गंभीर हो गई है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। जिम्मेदार विभागों को इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।
-
बयान...
कार्यदायी संस्थाओं के साथ जल्द बैठक की जाएगी। निर्माण कार्य की प्रगति और इसकी भौतिक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जिन क्षेत्रों में अधिक समस्या है या आधे अधूरे निर्माण हुए हैं वहां प्राथमिकता के साथ कार्य को पूरा कराया जाएगा। विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है। - दयानंद सरस्वती, अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार