ससुराल वालों के खिलाफ भ्रू्ण हत्या, दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज होने के बाद विवाहिता ने ससुराल के बाहर से धरना खत्म कर दिया है। बृहस्पतिवार को ससुराल के बाहर लगा टैंट हटा लिया। बताया जा रहा है कि विवाहिता एक धर्मशाला में शिफ्ट हो गई है।
पिछले कई दिन से कनखल की ज्ञानलोक कालोनी में विवाहिता पूजा शर्मा अपनी बेटी आनंता, मां संध्या शर्मा के साथ धरने पर बैठी थी। विवाहिता का आरोप था कि चौदह महीने से उसके पति का कोई अता पता नहीं है और ससुराल पक्ष ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया है। आरोप था कि पुत्र को जन्म न दे पाने के कारण ही उसके साथ इस तरह का बर्ताव किया गया था। विवाहिता के मामला काफी तूल पकड़ गया था। कई सामाजिक संगठन, राजनैतिक संगठन ने मौके पर पहुंचकर महिला को अपना समर्थन दिया था। पता चला था पति दुबई में है और दो जून तक पति के पहुंचने का भरोसा ससुराल पक्ष ने दिया है। लेकिन महिला तब भी टस से मस नहीं हुई थी। बुधवार को महिला ने अपने पति शरद शर्मा, ससुर चंद्रप्रकाश शर्मा, सास मंजू शर्मा, ननद मनीषा शर्मा के खिलाफ भ्रूण हत्या, दहेज उत्पीडन का केस दर्ज करा दिया। केस दर्ज होने के बाद बृहस्पतिवार को महिला ने ससुराल के बाहर से धरना खत्म कर दिया। एसओ नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि महिला किसी धर्मशाला में शिफ्ट हो गई है। मुकदमे की गहनता से जांच कर रहे है।