शंकराचार्य चौक पर एक बाइक ने स्कूटी सवार प्रेमी-प्रेमिका को टक्कर मार दी जिससे प्रेमी गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाने पर प्रेमिका अपने प्रेमी की हालत नाजुक देखकर बदहवास हो गई। इमरजेेंसी में मरहम पट्टी करने के दौरान नाम पता पूछने पर प्रेमिका ने बोल्ड अंदाज में कहा कि युवक उसका ब्वॉयफ्रेंड है। वह डॉक्टरों से बार बार यही सवाल पूछती रही कि युवक को कुछ होगा तो नहीं।
शंकराचार्य चौक पर स्कूटी सवार युवक युवती आयरिस पुल की तरफ से आ रहे थे। चौराहे पर सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और भाग निकला। युवक युवती नीचे गिर पड़े। युवक को गंभीर चोट आने पर वह लहूलुहान हो गया। युवती ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी और अपनी स्कूटी चौराहे पर छोडकर 108 एंबुलेंस से प्रेमी को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। मरहम पट्टी के दौरान प्रेमी दर्द से कराहता रहा। जगह-जगह खून चलता देख प्रेमिका बदहवास होने लगी। डॉक्टरों के पूछने पर युवती ने बताया कि ज्वालापुर निवासी युवक पालीटेक्निक का छात्र है जबकि वह हरिद्वार में रहती है। दोनों के बीच संबंध पूछने पर युवती ने बेबाक लहजे में कहा कि युवक उसका ब्वॉयफ्रेंड है। युवती बार बार यही पूछती रही कि वह ठीक तो हो जाएगा न। जिला अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने युवक के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी।