- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के कटहरा बाजार में खरीदारी करने गई बुजुर्ग महिला को सम्मोहित कर कानों की बालियां उतरवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो पुरुष और एक महिला ने बातों में उलझाकर महिला को अपने प्रभाव में लिया और जेवर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, काजल वर्मा निवासी आर्यनगर ज्वालापुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी सास मंजू वर्मा 28 मई को कटहरा बाजार गई थीं। आरोप है कि बाजार में मौजूद दो पुरुष और एक महिला ने उन्हें बातों में उलझा लिया। इसके बाद दोनों ने सम्मोहित कर उनके कानों की बालियां उतरवा लीं और मौके से फरार हो गए। घर पहुंचने पर घटना की जानकारी होने के बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।