ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने शहर के विभिन्न जन औषधि केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तीन जन औषधि केंद्रों से दवा के सात सैंपल भरे। सभी सैंपलों को जांच के लिए रुद्रपुर स्थित लैब में भेजा जा रहा है।
ड्रग कंट्रोल विभाग जन औषधि केंद्रों की दवाओं की जांच के लिए अभियान चला रहा है। अभियान के बुधवार को तहत ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने शहर के जन औषधि केंद्रों का निरीक्षण किया। ड्रग इंस्पेक्टर सबसे पहले चंद्राचार्य चौक स्थित जन औषधि केंद्र पहुंची। यहां उन्होंने दवाओं का क्रय विक्रय रजिस्टर की जांच की।
इसके बाद तीन दवाओं के सैंपल भी भरे। इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर ने ज्वालापुर कोतवाली के पास स्थित जन औषधि केंद्र में भी जांच की। उन्होंने मेडिकल स्टोर से दो दवाओं के सैंपल एकत्र किए। इसके बाद उन्होंने कनखल में भी एक जन औषधि केंद्र से दवाओं के दो और सैंपल लिए।
ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने कहा कि लोग जेनेरिक दवाओं को लेकर जागरूक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ये दवाएं भी एथिकल दवाओं की तरह कारगर होती है। बस दवा सस्ती होने के चलते लोग इनकी गुणवत्ता को लेकर असमंजस में रहते हैं।
औषधि केंद्र संचालकों ने बताई परेशानी
औषधि केंद्र संचालक रविंद्र चौधरी ने ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती को बताया कि केंद्रों में दवाओं की आपूर्ति की समस्या बनी हुई। थोक विक्रेता से मंगाई गई दवाओें की केवल 45 प्रतिशत आपूर्ति ही होती है। इससे मरीजों को समय पर दवा उपलब्ध नहीं हो पाती। इसके औषधि केंद्र संचालक और मरीज दोनों को परेशानी उठानी पड़ती है। ड्रग इंस्पेक्टर ने समस्या को लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।