- श्यामपुर थाना क्षेत्र में नजीबाबाद-हरिद्वार की घटना, बस में 15 यात्री थे सवार
- नजीबाबाद से हरिद्वार की तरफ यात्रियों को लेकर आ रही थी बस
श्यामपुर। थाना क्षेत्र में नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही लखीमपुर खीरी डिपो की एक रोडवेज बस शनिवार तड़के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक-परिचालक और एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार की सुबह करीब पांच बजे की है जब उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी डिपो की बस यात्रियों को लेकर नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर जा रही थी। सुबह का समय होने के कारण बस में करीब 15 सवारियां मौजूद थीं। जब बस हाइवे पर नीलेश्वर महादेव मंदिर के समीप पहुंची तो चालक को झपकी आ गई और बस सीधे सड़क किनारे खाई में उतर गई। बस गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही चंडी चौकी प्रभारी नवीन चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया और बस की खिड़कियों व दरवाजों से यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनमें बस का चालक परिचालक कंडक्टर और एक यात्री शामिल है। घटना स्थल पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने 108 एम्बुलेंस के माध्यम से तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण चालक को झपकी आना सामने आया है। बस में कुल 15 सवारियां सवार थीं। तीन घायलों को छोड़कर बाकी सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें उनके गंतव्य तक भेजने के वैकल्पिक इंतजाम कर दिए गए थे।