प्रेमनगर आश्रम में प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज आपदा की तैयारी और मानसून में शहर की जलभराव की स्थ?
- फोटो : HARIDWAR
पर्यटन, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण मंत्री सतपाल महाराज ने आपदा एवं बाढ़ नियंत्रण को लेकर प्रेमनगर आश्रम में अधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने आपदा की तैयारी और मानसून में शहर की जलभराव की स्थिति को लेकर जिला प्रशासन और विभागों की ओर से किये गये उपायों के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी सी. रविशंकर ने बताया कि शहर में चल रहे विकास निर्माण कार्यों से जलभराव की समस्या ज्यादा है, लेकिन जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां अस्थायी विकल्पों से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था की जा रही है। ऐसे स्थानों पर पंप लगाकर पानी की निकासी की व्यवस्था की गई है। दीर्घावधि में स्थायी समाधान के लिए ड्रेनेज सिस्टम प्रोजेक्ट पर कार्य किये जाने की आवश्यकता है। बाढ़ की दृष्टि सेे संवेदनशील क्षेत्रों में 12 बाढ़ चौकियां बनाई गई है जो 24 घंटे सक्रिय रहती है। खोज बचाव के लिए 200 प्रशिक्षित आपदा मित्रों को सुरक्षा उपकरण किट सहित तैयार किया गया है।
सतपाल महाराज ने कोविड-19 चिकित्सालयों में विशेष साफ-सफाई, एवं उचित खान पान व्यवस्था बनाने, बरसात के दौरान नालों की सफाई, पाइप लाइनों से घास कूड़ा हटाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। बैठक में रानीपुर विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी विनीत तोमर, अपर जिलाधिकारी केके मिश्र, अपर मेला अधिकारी कुंभ ललित नारायण मिश्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सहित सभी एसडीएम, सिंचाई और आपदा प्राधिकरण विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।