प्रदेश की राजधानी देहरादून तक जाने वाली आठ एक्सप्रेस ट्रेन 17 अप्रैल से 22 मई तक हरिद्वार से आगे नहीं जा पाएंगी। देहरादून रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के चलते ट्रेनों का लास्ट स्टॉपेज हरिद्वार रहेगा और हरिद्वार से ही इन गाड़ियों को वापस प्रस्थान कराया जाएगा।
गर्मियों के सीजन में इन दिनों देवभूमि आने वाले श्रद्धालुुओं, सैलानियों की संख्या में कई गुना का इजाफा हो जाता है। 17 अप्रैल से 22 मई के बीच दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश से देहरादून आने वाले रेल यात्रियों को थोड़ी परेशानी हो सकती है। देहरादून रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर वॉशिंग एप्रल का निर्माण होने के चलते आठ जोड़ी गाड़ियों का स्टॉपेज हरिद्वार तक रहेगा। देहरादून जाने वाले यात्रियों को हरिद्वार से सड़क मार्ग से दून जाना होगा।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन के अधीक्षक मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि दून स्टेशन पर निर्माण कार्य के चलते 17 अप्रैल से 22 मई तक उज्जैनी एक्सप्रेस, इंदौर एक्सप्रेस, ओखा एक्सप्रेस, कोच्चिवेली एक्सप्रेस, मदुरै एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, उपासना एक्सप्रेस, इलाहाबाद देहरादून लिंक एक्सप्रेस देहरादून नहीं जा पाएंगी। हरिद्वार स्टेशन से ही इनको वापस प्रस्थान कराया जाएगा। यात्रियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रचार प्रसार कराया जा रहा है।