हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करना चार युवकों को भारी पड़ गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। मिशन लगाम के तहत कार को सीज कर दिया गया, जबकि चारों का पुलिस एक्ट में चालान किया गया। पुलिस ने आगे से ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी है।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक चलती हुई कार में चार युवक खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंटबाजी कर रहे थे। वीडियो सामने आते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर लोकेशन ट्रेस करते हुए चारों युवकों को मिशन लगाम के तहत हिरासत में ले लिया।
कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोहर सिंह रावत ने बताया कि आरोपी जावेद, अर्शलान, आसिफ कार में सवार थे और जुनैद कार चला रहा था। चारों ग्राम सलेमपुर रानीपुर के रहने वाले हैं। कार को सीज कर दिया गया। युवकों को कड़ी फटकार लगाते हुए उनका पुलिस एक्ट में चालान किया गया है।