हरिद्वार। अंतिम दौर की तरफ बढ़ रहे कांवड़ मेले के बीच डाक कांवड़ की आमद बृहस्पतिवार को तेज हो गई। लगातार आ रहे डाक कांवड़ के वाहनों से हरकी पैड़ी और आसपास के पार्किंग स्थल खचाखच भर ही गए हैं। दूर दूर तक केवल डाक कांवड़ वाहन ही दिखाई दे रहे हैं। शाम तक बैरागी कैंप पार्किंग में करीब 20 हजार डाक कांवड़ पहुंचने का अनुमान लगाया जा है। शुक्रवार से हरिद्वार दिल्ली हाईवे पर डाक कांवड़ की भरमार को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर के भीतरी इलाकों से हटाकर फोर्स हाईवे पर तैनात कर दिया है। जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ और एसएसपी राजीव स्वरूप ने सहयोगी अधिकारियों के साथ हाईवे समेत मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।
कांवड़ मेले में अब तीन दिन शेष रह गए हैं। बृहस्पतिवार को सुबह से ही भारी तादाद में कांवड़ियों का आवागमन और वापसी शुरू हो गई थी। दोपहर बाद डाक कांवडियों का आगमन तेजी से हुआ। दिन ढलने के बाद तक यह क्रम जारी रहा। आने वाले तीन दिन अब डाक कांवड़ियों के ही नाम रहेेंगे।
---------------------
अब दिखेगा रिले रेस जैसा नजारा
- निर्धारित समय में पहुंचने की होड़
हरिद्वार। अधिकतर डाक कांवड़ दिनों और घंटों में गंतव्य तक पहुंचने की सीमा में बंधी होती हैं। आने वाले कांवड़ वाहन पर बैनर लगाकर यह बता देते हैं कि यह कावंड़ कितने घंटों में अपने शिवालय तक पहुंचेगी। इन वाहनों में सवार कांवड़िए वापसी यात्रा रिले दौड़ की तरह पैदल दौड़ते हुए लौटते हैं। जो डाक नहीं ले जाते वे भी मोटर साइकिलों, जीपों, ट्रैक्टर-ट्रालियों और छोटे-बड़े ट्रकों में पहुंच रहे हैं। वापसी भी साथ-साथ होने लगी है। इन कांवड़ियों को लौटते हुए देखने के लिए हजारों लोग हाईवे के दोनों ओर से खड़े रहते हैं।
.............
हाईवे पर ही डटे एसएसपी
हरिद्वार। पथरी। एसएसपी राजीव स्वरुप बृहस्पतिवार को दिन भर हाईवे पर ही डटे रहे। पुलिस कप्तान ने खुद शंकराचार्य चौक, प्रेमनगर चौक, सिहंद्वार,चंडीचौक, दूधाधारी चौक, भूपतवाला पर यातायात व्यवस्था की कमान संभाली। पंतद्वीप पार्किग, वैरागी कैंप पार्किंग का जायजा लिया। पुलिस कप्तान ने कहा कि डाक कांवड़ को सकुशल रवाना किए जाए जिससे की जाम की स्थिति पैदा न हो।