- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य ने अधिकारियों की बैठक
पथरी। शाहपुर शीतलाखेड़ा ग्राम पंचायत में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (भारत सरकार) के सदस्य व पूर्व आईएएस अधिकारी उमाकांत ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम पंचायत में अधिक से अधिक विकास कार्य कराने तथा आय के नए स्रोत विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही ग्राम पंचायत से जुड़ी समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। बैठक में ग्राम प्रधान दीपक सैनी और ग्राम पंचायत अधिकारी अजय चौहान ने बताया कि बाणगंगा के किनारे ग्राम पंचायत की 188 बीघा खाली भूमि उपलब्ध है। उन्होंने इस भूमि पर सोलर पैनल स्थापित कराने का प्रस्ताव रखा, जिससे बिजली उत्पादन के माध्यम से ग्राम पंचायत की आय बढ़ाई जा सके।बैठक के दौरान ग्रामीण विकास कुमार सैनी ने उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन बनाने की मांग उठाई। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बिजली और पेयजल की व्यवस्था न होने की समस्या भी रखी गई। आंगनबाड़ी केंद्र के भवन निर्माण के लिए बजट उपलब्ध कराने की मांग भी अधिकारियों के समक्ष रखी गई। उमाकांत ने सभी मांगों और समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत उपनिदेशक मनोज तिवारी, बीडीओ बहादराबाद मानस मित्तल, एसडीओ पंचायत बिजेंद्र सिंह, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी रविंद्र सिंह, पूर्व सहकारी समिति सभापति पुष्पराज सैनी, विनोद कुमार, ऋषिपाल सिंह, रतिराम, पवन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।