क्वांटम कॉलेज के छात्रों का ईयर बैक आने के खिलाफ आंदोलन सोमवार को उग्र हो गया। उत्तेजित छात्रों ने कैं टीन में आग लगाने के साथ जमकर तोड़फोड़ की। शिक्षकों की नोकझोंक के बीच पुलिस ने सख्ती बरती तो प्रदर्शनकारी शांत हुए। पुलिस ने तीन छात्रों को कुछ घंटे हिरासत में रखने के बाद छोड़ दिया।
क्वांटम कालेज में बीटेक के 146 छात्रों की ईयर बैक आने के विरोध में छात्र कई दिन से आंदोलन की राह पर है। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय ने उनकी कापियों को सही तरीके से नहीं जांचा है।
उनकी मांग है कि दोबारा से कापियों की जांच कराई जानी चाहिए। शनिवार को भी छात्रों ने हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की थी। तब निदेशक एससी हांडा ने छात्रों को आश्वासन दिया था कि जांच के लिए उनकी कापियों की फोटो कापी विश्वविद्यालय से मंगवाई जाएगी।
छात्रों ने सोमवार को कालेज प्रशासन की तरफ से संतोषजनक जवाब न मिलने पर हंगामा कर दिया। गुस्साएं छात्रों ने घास फूस की कैंटीन में आग लगा दी। गमले और शीशे भी तोड़ दिए गए।
छात्रों के इस उग्र रूप से कालेज परिसर में भगदड़ मच गई। बीच में आए शिक्षकों के साथ भी नोकझोंक हुई। पुलिस ने सख्ती करते हुए हंगामा कर रहे तीन छात्रों को हिरासत में ले लिया।
इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। पुलिस ने बाद में हिरासत में लिए छात्रों को छोड़ दिया। निदेशक एससी हांडा ने कहा कि इस मामले में प्रबंधन समिति से वार्ता कर कोई हल निकाला जाएगा।